रायबरेली में वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से एक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा सिविल लाइन ओवर ब्रिज क्रॉसिंग के नीचे हुआ। यह घटना कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के सिविल लाइन इलाके में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जब वंदे भारत ट्रेन गुजर रही थी, तभी दो युवक रेलवे पटरी पार करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान वे तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए।
मृतक की पहचान नया पुरवा निवासी अल्लन घोसी के रूप में हुई है। घायल व्यक्ति अल्लन घोसी का छोटा भाई मेराज है। जिसे गंभीर हालत में स्थानीय लोगों की सहायता से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।






















