Contact News Publisher
लखनऊ एयरपोर्ट पर आज बड़ा हादसा टल गया. गौरतलब है कि दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट (6E-2111) टेकऑफ के लिए रनवे पर दौड़ चुकी थी, तभी अचानक पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर विमान रोक दिया. दरअसल, उड़ान भरने से ठीक पहले इंजन को पर्याप्त थ्रस्ट नहीं मिल पा रहा था. ऐसे में सुरक्षा को देखते हुए पायलट ने विमान रोकने का फैसला किया.
इस विमान में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की सांसद पत्नी डिंपल यादव समेत 151 यात्री सवार थे. अचानक फ्लाइट रुकने से यात्रियों में हड़कंप मच गया और कई सहम गए. हालांकि, सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और बाद में दूसरी फ्लाइट से दिल्ली भेजा गया. इंडिगो की ओर से इसे तकनीकी गड़बड़ी बताया गया है. पायलट की सूझबूझ और सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया.
लखनऊ में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब फ्लाइट संख्या 6E-2111 में तकनीकी खराबी आ गई. सूत्रों के अनुसार लखनऊ-दिल्ली रूट पर उड़ान भरने जा रही इंडिगो की फ्लाइट को टेक ऑफ से ठीक पहले ही रनवे पर रोकना पड़ा. रनवे पर तेज रफ्तार से दौड़ने के बाद भी फ्लाइट हवा में उठ नहीं पाया था. गनीमत रही की फ्लाइट कैप्टन ने सूझबूझ दिखाते हुए अंतिम छोर से पहले ही फ्लाइट को रोक दिया था. इस फ्लाइट में करीब 151 यात्री सवार थे.






















